सूचना/पौड़ी/29 सितंबर, 2026:
मंगलवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में विकासखंड यमकेश्वर में मिशन शक्ति के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, दिउली में एक दिवसीय प्रचार-प्रसार एवं जागरुकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा किसी भी प्रकार के अपराध की स्थिति में उपलब्ध सहायता एवं शिकायत तंत्र के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यशाला में मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181 के संबंध में विस्तार से बताया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के अपराध अथवा उत्पीड़न की स्थिति में घबराने के बजाय इसकी सूचना संबंधित स्तर पर देने तथा उपलब्ध सहायता तंत्र का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान अपराध की स्थिति में शिकायत कहां और किस स्तर पर की जानी है, शिकायत की प्रक्रिया क्या है तथा स्वयं को सुरक्षित रखते हुए उपलब्ध कानूनी एवं संस्थागत सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है, इस संबंध में भी जानकारी दी गयी। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरुक होने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी बाल एवं महिला सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों के प्रति जागरुक करें।
कार्यशाला में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नंद किशोर गौड़ सहित अध्यापक पंकज बलूनी, प्रदीप बिष्ट, रमेश कठैत आदि उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
