कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक एवं प्रशिक्षण आयोजित
पेंशन, छात्रवृत्ति और अनुदान योजनाओं के समयबद्ध निस्तारण, सत्यापन और पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर
सूचना/पौड़ी/21 अगस्त, 2026:
जनपद पौड़ी के विकास भवन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समस्त सहायक समाज कल्याण अधिकारियों की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाज कल्याण विभाग की पेंशन, अनुदान, छात्रवृत्ति एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। पात्र लाभार्थियों के चयन एवं सत्यापन की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करते हुए योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिलने में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न पेंशन एवं अनुदान योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों की जांच, सत्यापन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा योजनाओं के संबंध में तैयार एसओपी के प्रावधानों से अधिकारियों को अवगत कराते हुए निर्धारित मानकों एवं प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में छात्रवृत्ति योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन, अभिलेखों के सत्यापन एवं आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा अनुसूचित जाति पुत्री विवाह योजना, निराश्रित विधवा पुत्री विवाह योजना, अटल आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया।
बैठक में स्थापना एवं लेखा संबंधी कार्यों तथा सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत प्राप्त आवेदनों के नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गयी। अधिकारियों को अभिलेखों के उचित रख-रखाव और विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान सहायक समाज कल्याण अधिकारियों ने योजनाओं एवं विभागीय कार्यप्रणाली से संबंधित प्रश्न एवं जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विभागीय अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा समाधान किया गया। अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के साथ ही कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का उद्देश्य समाज के गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग को सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएं तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, अंकित मुंडेपी, अभिषेक पोखरियाल सहित समस्त सहायक समाज कल्याण अधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
