उत्तराखंड: रिस्पना नदी के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए मिशन मोड में काम शुरू
देहरादून जिला प्रशासन ने रिस्पना नदी को पुनर्जीवित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
SHABD,Dehradun, June 27,
उत्तराखंड: रिस्पना नदी के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए मिशन मोड में काम शुरू
देहरादून जिला प्रशासन ने रिस्पना नदी को पुनर्जीवित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने रिस्पना नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन और सौंदर्यीकरण के लिए मिशन मोड में कार्य शुरू करते हुए विभिन्न विभागों के समन्वय से एक विशेष टास्कफोर्स गठित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का लक्ष्य केवल नदी की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे देहरादून की पर्यावरणीय धरोहर के रूप में विकसित करना है। इस संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निगम को रिस्पना नदी के लगभग 15 किलोमीटर क्षेत्र में गिरने वाले सभी नालों और गार्बेज प्वाइंट्स का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रोन सर्वे कर सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा गया है। नदी के सौंदर्यीकरण को लेकर सिंचाई विभाग को घाट निर्माण और तट विकास की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि लोक निर्माण विभाग को प्रस्तावित एलिवेटेड रोड से संबंधित तकनीकी खाका तैयार करने को कहा गया है। वन विभाग को नदी किनारे व्यापक वृक्षारोपण और हरित पट्टी विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि रिस्पना का पुनर्जीवन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए जनसहभागिता, जनजागरूकता और नागरिकों की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
बाइट- डॉ. आशीष चौहान, जिलाधिकारी, देहरादून
