सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने एम्बार्क इंडिया डेवलपमेंट फेलोशिप प्रस्ताव के लिए ग्रासरूट रिसर्च एंड एडवोकेसी मूवमेंट के साथ आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए
PIB Delhi
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने दो फेलो की नियुक्ति के लिए ग्रासरूट रिसर्च एंड एडवोकेसी मूवमेंट के साथ एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस अवसर पर सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के महानिदेशक (डेटा गवर्नेंस) श्री पी.आर. मेश्राम उपस्थित थे। ग्रासरूट रिसर्च एंड एडवोकेसी मूवमेंट के कार्यकारी निदेशक डॉ. बसवराजु आर. श्रेष्ठ और मंत्रालय के क्षमता विकास प्रभाग की प्रशिक्षण इकाई के निदेशक श्री प्रसून वर्मा ने इस आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए।
यह पहल मंत्रालय और ग्रासरूट रिसर्च एंड एडवोकेसी मूवमेंट के बीच एक सहयोगात्मक मंच तैयार करती है, जिसका उद्देश्य प्रेरित और शोध-केंद्रित व्यक्तियों को मंत्रालय के साथ साझेदारी में काम करने का अवसर प्रदान करना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत, चयनित फेलो मंत्रालय की विभिन्न परियोजनाओं और पहलों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। वे अनुसंधान के माध्यम से नए समाधान विकसित करने, प्रदर्शन को बेहतर बनाने और विकास तथा शासन संबंधी चुनौतियों का निपटारा करने में मदद करेंगे। इस पहल का उद्देश्य न केवल फेलो की विशेषज्ञता का लाभ उठाना है, बल्कि उन्हें सार्वजनिक नीति और शासन के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करना है।
