Spread the love

सेरेब्रल पाल्सी को दी मात, नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में अनुराग रावत बने प्रेरणा का प्रतीक

चमोली, 01 जून 2026। चमोली जनपद की सीमांत नीति घाटी में आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” के दौरान 25 वर्षीय अनुराग रावत ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और साहस का परिचय देते हुए 10 किलोमीटर की कठिन दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की। सेरेब्रल पाल्सी जैसी दिव्यांगता से जूझ रहे अनुराग ने लगभग 1 घंटा 45 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रतिभागियों और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

मूल रूप से पौड़ी जनपद के निवासी और वर्तमान में दिल्ली में रह रहे अनुराग रावत ने विषम भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंचाई पर कम ऑक्सीजन और चुनौतीपूर्ण मार्गों के बीच यह उपलब्धि हासिल की। उनका प्रदर्शन आयोजन की सबसे प्रेरणादायक कहानियों में शामिल रहा।

“Beyond Limits, Beyond the Canyon” थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में अनुराग ने साबित किया कि मजबूत संकल्प और आत्मविश्वास के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। उन्होंने कहा, “सीमाएं केवल हमारे दिमाग में होती हैं। यदि संकल्प मजबूत हो, तो इंसान अपने शरीर को किसी भी मंजिल तक पहुंचा सकता है।”

अनुराग ने बताया कि वह पहले भी कई खेल एवं दौड़ प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता और सपनों को सीमित नहीं कर सकती।

गौरतलब है कि 31 मई से 2 जून तक आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” में देश के 27 राज्यों से 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों में हिस्सा लिया। सीमांत नीति घाटी में आयोजित इस एडवेंचर स्पोर्ट्स आयोजन ने साहस, खेल भावना और पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

अनुराग रावत का प्रदर्शन केवल एक खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि जीवन की कठिन चुनौतियों से जूझ रहे लाखों लोगों के लिए प्रेरणा और आत्मविश्वास का संदेश बनकर उभरा है।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *