Spread the love

उत्तरजन टुडे के दशक समारोह में विकास और सामाजिक मूल्यों पर मंथन

देहरादून में आयोजित मासिक पत्रिका उत्तरजन टुडे के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह एवं मंथन कार्यक्रम में राज्य के विकास, सामाजिक मूल्यों और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। कार्यक्रम का विषय था — “उत्तराखण्ड का दशकः चुनौतियां और संभावनाएं”

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डा. आर. राजेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता उत्तराखण्ड का चहुंमुखी विकास है। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं, संचार व्यवस्था और संसाधनों के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उनके अनुसार प्रदेश की आर्थिक प्रगति की गति तेज हुई है और आम नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

डा. राजेश कुमार ने सरकार की स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं का खाका प्रस्तुत करते हुए कहा कि सरकार का संकल्प है कि आने वाला दशक “उत्तराखण्ड का दशक” बने और राज्य देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान स्थापित करे।

कार्यक्रम के दौरान 1962 एशियन गेम्स में भारत को बॉक्सिंग में पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाले अर्जुन अवार्डी पदम बहादुर मल्ल तथा प्रख्यात अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. जयंत नवानी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

विशिष्ट अतिथि एवं मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने अपने संबोधन में समाज में गिरते जीवन मूल्यों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बच्चों को नैतिक संस्कार देना समय की आवश्यकता है और अभिभावकों से पंचतंत्र की कहानियां सुनाने की अपील की। उन्होंने स्थानीय बोली-भाषाओं के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उनके अनुसार राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में शैलेंद्र सिंह नेगी, डा. आशुतोष सयाना, रंजना रावत तथा पीसी थपलियाल ने भी अपने विचार साझा किए। मंच संचालन योगाम्बर पॉली और मोनिका बिष्ट ने किया।

इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 20 विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि 35 अन्य लोगों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सत्यशरण कोठियाल, जेपी ममगाई, यदुवीर रावत, उमेश रावत, राकेश कुकरेती, कमला पंत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *