Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

विकासखंड कल्जीखाल सभागार में आयोजित हुई बीडीसी बैठक

सूचना/पौड़ी/29 अप्रैल 2026:
विकासखंड कल्जीखाल सभागार में ब्लॉक प्रमुख गीता देवी की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखते हुए विकास से जुड़े 15 महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को 15 दिन के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकास कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाय। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें, कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें और यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे। मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष रूप से पेयजल समस्याओं को लेकर जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी शिकायतों की गहन जांच कर नियमित और सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि समस्याओं के समाधान के बाद विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें, ताकि कार्यों की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि बीडीसी बैठक जनप्रतिनिधियों और विभागों के बीच समन्वय का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जतायी कि बैठक में उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध और गंभीरता से समाधान किया जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय पटवाल, कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल, मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, एडीओ पंचायत प्रदीप गुसाईं सहित अन्य विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *