Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

मार्च माह तक सभी लक्ष्यों को पूरा करें सभी अधिकारी

सूचना/पौड़ी/23 फरवरी 2026:
विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास विभाग की मासिक स्टाफ बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की हुई। बैठक में रोजगार सृजन, स्वरोजगार, विभागीय समन्वय और लंबित कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि मनरेगा के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा में पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन केवल आंकड़ों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सारा योजना के स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर वित्तीय एवं भौतिक प्रगति लाने को कहा। उन्होंने मनरेगा और अन्य विभागों के कन्वर्जेंस के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगारपरक कार्य तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल ऋण स्वीकृत एवं वितरित कर उनके व्यवसाय शुरू कराने, रेशम एवं डेरी योजनाओं में विभागीय तालमेल बढ़ाने तथा कृषि, उद्यान और पशुपालन विभागों के साथ ब्लॉक स्तर पर समन्वय बैठक कर ठोस कार्ययोजना लागू करने को कहा।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मनरेगा में 60 दिन से अधिक रोजगार प्राप्त करने वाले परिवारों को ‘प्रोजेक्ट उन्नति’ के तहत आरसेटी के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें स्थायी आजीविका के अवसर मिल सकें। रीप योजना के अंतर्गत ऐमेनिटी सेंटर, कलेक्शन सेंटर एवं समुदाय आधारित कार्ययोजनाओं को प्राथमिकता से शुरू करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मेरी गांव मेरी सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत सरोवर और पलायन रोकथाम से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्च माह तक कार्यों में स्पष्ट प्रगति लाएं। उन्होंने जॉब कार्डों की स्थिति और लाभार्थियों के सत्यापन की भी जानकारी ली।  उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण और पारदर्शिता आवश्यक है। कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, परियोजना प्रबंधक रीप कुलदीप बिष्ट, खंड विकास अधिकारी कल्जीखाल चंद्र प्रकाश बलूनी, पाबौ हरेंद्र कोली, सहायक खंड विकास अधिकारी पौड़ी दिनेश नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *