उत्तराखंड: देहरादून में स्वदेशी महोत्सव का शुभारंभ
Dehradun | December 9
देहरादून के परेड मैदान में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वदेशी महोत्सव की शुरुआत हो गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्वदेशी उत्पादों और हस्तशिल्प से जुड़े स्टालों का निरीक्षण भी किया।
14 दिसंबर तक चलेगा आयोजन
स्वदेशी महोत्सव 9 से 14 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, MSME इकाइयों, महिला स्वयं सहायता समूहों और परंपरागत कृषि उत्पादों की व्यापक प्रदर्शनी लगाई गई है।
महोत्सव के शुभारंभ पर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि—
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश आज स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने में सहयोग कर रहा है। हमारा प्रयास है कि उत्तराखंड में भी इस अभियान को और मजबूत किया जाए, जिससे स्थानीय कारीगरों, निर्माताओं और उद्यमियों को सीधा लाभ मिल सके।”
ईवेंट से जुड़े उद्यमियों की राय
इमेज इवेंट्स के सुनील रावत ने सरकार से निजी आयोजनों को भी प्रोत्साहन देने की अपील की। उन्होंने कहा—
“अगर सरकार प्राइवेट इवेंट कंपनियों को बढ़ावा दे और परेड ग्राउंड जैसे स्थानों को इवेंट-फ्रेंडली बनाए, तो पूरे वर्ष किसी न किसी प्रकार का मेला या आयोजन हो सकता है। इससे अनऑर्गनाइज़्ड सेक्टर के छोटे वेंडर्स, स्थानीय निर्माताओं और स्टार्टअप्स को बड़ा मंच मिलेगा। इसलिए सरकार को सरकारी मेलों के साथ-साथ निजी आयोजनों को भी आर्थिक और व्यवहारिक मदद देनी चाहिए।”

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ
स्वदेशी महोत्सव के माध्यम से प्रदेश में स्थानीय उत्पादन, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और कृषि आधारित उत्पादों को व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है, जिससे छोटे उत्पादकों और कारीगरों की आय में वृद्धि हो सकती है।
