बाढ़ पूर्वानुमान के लिए वेब आधारित सी-फ़्लड प्लेटफॉर्म
केन्द्र सरकार ने एक वेब-आधारित सी-फ्लड प्लेटफ़ॉर्म का शुभारंभ किया है। यह प्लेटफॉर्म गांव स्तर तक दो दिन पहले बाढ़ के बारे में पूर्वानुमान प्रदान करता है, जिसमें बाढ़ के नक्शे और जल स्तर की भविष्य वाणियां शामिल है। सी-फ्लड वेब-आधारित प्लेटफ़ॉर्म की मुख्य विशेषताएं इस प्रकार हैं:
- सी-फ्लड उन्नत 2डी हाइड्रोडायनामिक मॉडलिंग से प्राप्त बाढ़ के पानी की जानकारी को विस्तार और गहराई की जानकारी के साथ एकीकृत करता है।
- इसे राष्ट्रीय और क्षेत्रीय एजेंसियों से सभी नदी घाटियों के लिए उनकी संबंधित कार्य योजना के अनुसार बाढ़ मॉडलिंग आउटपुट को एकीकृत करने वाली एक एकीकृत बाढ़ सूचना प्रणाली के रूप में डिज़ाइन किया गया है। प्रारंभिक चरण में यह प्लेटफॉर्म गोदावरी, तापी और महानदी नदी घाटियों के लिए बाढ़ का पूर्वानुमान कवर करता है।
- वेब-पोर्टल प्रारंभिक चरण में तीन भाषाओं- हिंदी, अंग्रेजी और ओडिया का समर्थन करता है।
- इसमें अगले दो दिनों के लिए बाढ़ का पूर्वानुमान शामिल है। यह गांव स्तर तक बाढ़ की जानकारी प्रदर्शित करता है।
- यह बाढ़ की गहराई के आधार पर तीन श्रेणियों की बाढ़ चेतावनी इंगित करता है: येलो अलर्ट 0.5 मीटर से कम गहराई वाली बाढ़ को इंगित करता है, ऑरेंज अलर्ट 1.5 मीटर से कम गहराई वाली बाढ़ को इंगित करता है और रेड अलर्ट 1.5 मीटर से अधिक गहराई वाली बाढ़ को इंगित करता है।
जल शक्ति राज्य मंत्री श्री राज भूषण चौधरी ने यह जानकारी आज राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
