विदेशी पर्यटक आगमन
देश में वर्ष 2022 और 2023 के दौरान विदेशी पर्यटकों की राज्यवार यात्रा का विवरण अनुलग्नक में दर्शाया गया है।
पर्यटन मंत्रालय ने विदेशी पर्यटकों को अधिक संख्या में भारत आने को प्रोत्साहित करने के लिए कई कदम/पहल किए हैं:
पर्यटन मंत्रालय ‘स्वदेश दर्शन’, ‘तीर्थयात्रा पुनरुद्धार और आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान राष्ट्रीय मिशन (प्रसाद)’ और ‘पर्यटन अवसंरचना विकास के लिए केंद्रीय एजेंसियों को सहायता’ योजनाओं के तहत देश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पर्यटन अवसंरचना और सुविधाएं विकसित करने के लिए राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों/केंद्रीय एजेंसियों को वित्तीय सहायता प्रदान करता है।
- पर्यटन मंत्रालय अपने विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों द्वारा घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में भारत के विभिन्न पर्यटन स्थलों और उत्पादों को प्रचारित करता है। इनमें से कुछ पहल – देखो अपना देश अभियान, चलो इंडिया अभियान, अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मार्ट, भारत पर्व इत्यादि हैं।
- अतुल्य भारत कंटेंट हब का शुभारंभ किया गया है जो भारत में पर्यटन से संबंधित उच्च गुणवत्ता वाली छवियों, फिल्मों, ब्रोशर और समाचार पत्रों का समृद्ध डिजिटल संग्रह है। मंत्रालय की वेबसाइट www.incredibleindia.org और सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र के बारे में जानकारी/प्रचार किया जाता है।
- अन्य विशिष्ट विषयों के साथ ही स्वास्थ्य पर्यटन, पाक-कला पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, पारिस्थितिकी पर्यटन आदि विषयगत पर्यटन को बढ़ावा दिया जाता है, ताकि अन्य क्षेत्रों में भी इसे विस्तारित किया जा सके।
- क्षमता वर्धन, कौशल विकास केंद्रित पहल की गई है। इससे ‘सेवा प्रदाताओं के क्षमता निर्माण’, ‘अतुल्य भारत पर्यटक सुविधाप्रदाता’ (आईआईटीएफ), ‘पर्यटन मित्र’ और ‘पर्यटन दीदी’ द्वारा समग्र गुणवत्ता और आगंतुक सुविधा में बढोतरी हुई है।
- महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों तक हवाई संपर्क में सुधार के लिए पर्यटन मंत्रालय ने नागर विमानन मंत्रालय के साथ क्षेत्रीय संपर्क योजना– उड़े देश का आम नागरिक के तहत सहयोग किया है। इसके अंतर्गत अब तक 53 पर्यटन मार्ग आरंभ हुए हैं।
- ई-वीज़ा योजना अब 167 देशों के लिए 9 उप-श्रेणियों में उपलब्ध है:
i. ई-पर्यटक वीज़ा
ii. ई-बिजनेस वीज़ा
iii. ई-मेडिकल वीज़ा
iv. ई-सम्मेलन वीज़ा
v. ई-मेडिकल अटेंडेंट वीज़ा
vi. ई-आयुष वीज़ा
vii. ई-आयुष अटेंडेंट वीज़ा
viii. ई-छात्र वीज़ा
ix. ई-छात्र एक्स वीज़ा (छात्रों के आश्रितों परिवार के सदस्य के लिए)
हिमालय पर्वतमाला में ट्रैकिंग के लिए भारत आने वाले पर्यटकों की संख्या तथा भारत यात्रा के दौरान विदेशी पर्यटकों के परिवहन उपयोग साधनों की जानकारी पर्यटन मंत्रालय के पास उपलब्ध नहीं है।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज लोकसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
