उत्तराखंड में आज 68 मरीजों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है जबकि 34 मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए हैं। फिलहाल राज्य में कोरोना के कुल 592 एक्टिव केस हैं। राज्य के अपर सचिव (स्वास्थ्य) युगल किशोर पंत ने इसकी पुष्टि की है।
राज्य के कोविड 19 कंट्रोल रूम ने शुक्रवार शाम 7.00 बजे जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया कि आज राज्य में 68 मरीजों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें चंपावत जिले में दो, देहरादून में 11, हरिद्वार में सात, नैनीताल में चार, ऊधम सिंह नगर में 41 और पौड़ी, टिहरी तथा उत्तरकाशी में एक-एक मरीज मिले हैं। इनकी ट्रैवल हिस्ट्री दिल्ल-एनसीआर, हैदराबाद, शेरकोट (उप्र), कुवैत और सऊदी अरब की बताई गई है। राज्य में अबतक कोरोना संक्रमित 46 मरीजों की मौत हो चुकी है। अब तक राज्य से 29 मरीज कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने से पहले ही बाहर जा चुके हैं। इस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमित कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 3,373 हो गई है।
उधर, राज्य में विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन 34 मरीजों को आज स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई। इनमें बागेश्वर जिले में सात, देहरादून में 21, पौड़ी में एक और ऊधम सिंह नगर में पांच मरीज है, जिन्हें आज डिस्चार्ज किया गया है। राज्य में अबतक कुल 2706 मरीज स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से अपने घर जा चुके हैं। इस तरह राज्य में फिलहाल 592 मरीज विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं। इनमें अल्मोड़ा जिले में 16, चमोली में तीन, चंपावत में 11, देहरादून में 122, हरिद्वार में 35, नैनीताल में 186, पौड़ी में 13, पिथौरागढ़ में पांच, टिहरी में सात, ऊधम सिंह नगर में 167 और उत्तरकाशी में 27 एक्टिव मरीज हैं।
राज्य में आज 1,993 सैम्पल की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है जबकि 2,114 सैम्पल आज जांच के लिए भेजे भी गए हैं। राज्य में अबतक कुल 77,553 सैम्पल की जांच रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है और 5,649 सैम्पल की जांच रिपोर्ट प्रक्रियाधीन है। राज्य में कोरोना मरीजों का डबलिंग रेट औसत 53.34 दिन है। राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की औसत दर 80.23 प्रतिशत है और अबतक जांचे गए सैम्पल के आधार पर कोरोना संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों की औसत दर 4.18 प्रतिशत है।
हिन्दुस्थान समाचार
