केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने प्रोग्रामिंग और डेटा साइन्स में दुनिया की पहली ऑनलाइन बी.एस.सी. डिग्री पाठ्यक्रम की वर्चुअल शुरूआत की
NPIC-2020630184746मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने आज प्रोग्रामिंग और डेटा साइन्स में दुनिया की पहले ऑनलाइन बी.एससी डिग्री पाठ्यक्रम की वर्चुअल शुरूआत की। यह पाठ्यक्रम भारतीय प्रौद्यागिकी संस्थान मद्रास द्वारा संचालित किया जा रहा है। डेटा साइन्स आज के युग का सबसे तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है, जिसमें 2026 तक करीब एक करोड़ 15 लाख लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होने की संभावना है। बड़े पैमाने पर उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए लोग ऑनलाइन प्रणाली को तेजी से अपना रहे हैं। आईआईटी मद्रास के इस ऑनलाइन पाठ्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी दिलचस्पी ले रहे हैं। इस पाठ्यक्रम में 12वीं कक्षा पास कोई भी ऐसा विद्यार्थी जिसने 10वीं की परीक्षा अंग्रेजी और गणित विषय के साथ पास की हो, आवेदन कर सकता है। प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए मानव संसाधन विकास मंत्री ने कहा कि स्नातक परीक्षा पास लोग और कामकाजी पेशेवर लोग भी इसमें दाखिला ले सकते हैं। श्री पोखरियाल ने कहा कि देश में किसी भी संस्थान में नियमित रूप से दाखिला लेकर पढ़ाई कर रहा कोई भी विद्यार्थी डेटा साइन्स पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकता है और पढ़ाई ऑनलाइन पूरी कर सकता है। इस विषय में प्रशिक्षित पेशेवर विशेषज्ञों की इन दिनों बड़ी मांग है।
