बारिश से बहा डाडामंडी-द्वारीखाल मोटर मार्ग
द्वारीखाल ब्लॉक में तेज बारिश के कारण डाडामंडी-द्वारीखाल मोटर मार्ग बह गया। बारिश से बलगढ़ गदेरे का जलस्तर बढ़ गया। इससे सड़क बहने के अलावा अन्य नुकसान की अभी तक सूचना नहीं है। पुलिस ने प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी है। दुगड्डा चौकी प्रभारी एसआई ओमप्रकाश ने बताया कि सोमवार शाम से द्वारीखाल क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है।
सोमवार देर शाम तूनीखाल से आगे लंगूरीधार के पास जंगल में गर्जना के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। इससे डाडामंडी-द्वारीखाल मोटर मार्ग बह गया। क्षेत्र से बलगढ़ गदेरे का पानी खोह नदी में मिल गया, जिससे खो नदी का जलस्तर बढ़ गया। कोटद्वार और दुगड्डा पुलिस ने नदी के किनारे से लोगों को एनाउंसमेंट कर नदी में न जाने की चेतावनी दी। देर शाम तक पुलिस खोह नदी के किनारे डटी रही। डाडामंडी निवासी प्रदीप चौधरी और अर्जुन सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शाम को तेज बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हुुआ है। तेज बारिश के कारण लोग घरों के बाहर नहीं निकल सके, इसलिए गांव के पास नुकसान का अभी पता नहीं चला है। मार्ग के बंद होने के कारण ब्लॉक में आवागमन में क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ेेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से शीघ्र सड़क की मारम्मत करने की मांग की है।
