Spread the love

Blog single photo

केंद्र सरकार ने शीर्ष स्तर की नौकरशाही में फेरबदल करते हुए स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन को 30 अप्रैल के बाद तीन महीने का सेवा विस्तार दिया है। वह इस महीने के आखिर में सेवानिवृत्त होने वाली थीं। इसके साथ ही उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अमित खरे को सूचना और प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह दोनों विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। खरे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1985 बैच के झारखंड कैडर के अधिकारी हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में रविवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति संबंधी मामलों की समिति ने करीब दो दर्जन  वरिष्ठ नौकरशाहों के तबादले और नियुक्ति को मंजूरी दी । कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय की ओर से एक आदेश जारी कर कई  वरिष्ठ नौकरशाहों के तबादले और नियुक्ति की जानकारी दी।

कार्मिक मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी एक आदेश के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति संबंधी मामलों की समिति ने प्रीति सूदन की सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें तीन महीने का कार्य विस्तार देने का निर्णय लिया है। अब वह 31 जुलाई तक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव पद के दायित्व का निर्वहन करेंगी। ऐसे समय में जब कोविड-19 (कोरोना वायरस) से निपटने में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय अहम भूमिका निभा रहा, केंद्र के इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा।

इसके साथ ही सचिव स्तर के फेरबदल में ग्रामीण विकास सचिव राजेश भूषण को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सचिव स्तर पर विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया गया है। ऐसा समझा जा रहा कि कि जुलाई में प्रीति सूदन की सेवा विस्तार अवधि समाप्त होने के बाद भूषण मंत्रालय के नए सचिव नियुक्त किए जा सकते हैं।

कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नागेन्द्र नाथ सिन्हा को ग्रामीण विकास मंत्रालय का नया सचिव नियुक्त किया गया है। सिन्हा मौजूदा समय में गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन विभाग में सचिव हैं। जबकि कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत प्रदीप कुमार त्रिपाठी को इस्पात मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। वह जम्मू-कश्मीर कैडर के 1987 बैच के अधिकारी हैं।

वहीं, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के उपाध्यक्ष तरुण कपूर को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।  वह मंत्रालय में सचिव एमएम कुट्टी का स्थान लेंगे। कुट्टी इस माह के अंत में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। जबकि प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सचिव तरुण बजाज को आर्थिक मामलों के मंत्रालय में सचिव पद पर तैनाती दी गई है।

वहीं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की प्रमुख अनिता कारवाल को शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का सचिव नियुक्त किया गया। वह भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की 1988 बैच की गुजरात कैडर की अधिकारी हैं।  इसके साथ ही तकरीन दो दर्जन से अधिक अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति और पदोन्नति को मंजूरी दी गई।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *