Spread the love

दिल्ली की 1731 अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को केंद्र सरकार ने बड़ी खुशखबरी दी है। अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने वाला बिल राज्यसभा में पास हो गया है।

नई दिल्ली, एएनआइ। दिल्ली की 1,731 अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को केंद्र सरकार ने बड़ी खुशखबरी दी है। अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने वाला बिल राज्यसभा में पास हो गया है। यह बिल लोकसभा में 29 नवंबर को ही पास हो गया था। संसद के दोनों सदनों में बिल पास होने के बाद अब राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पास भेजा जाएगा।

राष्ट्रपति के हस्ताक्षर होने के बाद यह बिल कानून का रूप ले लेगा। इसके बाद अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को मालिकाना हक मिल जाएगा।

इस बिल के संसद के दोनों सदनों से पास होने के बाद दिल्ली के करीब 50 लाख लोगों को राहत मिली है। कानूनी मान्यता मिलने के बाद इनकी रजिस्ट्री का रास्ता साफ हो गया है। अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे।

हरदीप सिंह पुरी ने बिल पास होने पर खुशी जाहिर की

केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बिल पास होने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि केंद्र सरकार यह विधेयक लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के जीवन में खुशियां आएंगी और योजनाबद्ध तरीके से विकास हो सकेगा।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *