जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पोषण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए एक बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गयी।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पोषण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए एक बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने बाल विकास के समस्त अधिकारियों से कहा कि पोषण अभियान एक कार्यक्रम न होकर एक जन आंदोलन है और इसमें सबकी भागीदारी हो इसलिए कार्यक्रम की सफलता में जहां जनजन का सहयोग आवश्यक है, वहीं स्थानीय लोगों, जन सामान्य, विभागों सहित समस्त जनपद की समावेशी भागीदारी भी अपेक्षित है। जिलाधिकारी ने कहा कि केन्द्र सरकार की इस कार्यक्रम की सफलता के लिए समस्त रेखीय विभागों को अपना पूर्ण योगदान देना होगा। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास आदि विभागों को आपसी समन्वय बनाने के निर्देश दिये। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास मनविन्दर कौर ने उपस्थित सुपरवाईजरों व बाल विकास परियोजना अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि छोटे बच्चों को स्तनपान कराने के लाभ के बारे में महिलाओं को बताया जाय। इसके अलावा उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्तनपान के तरीके आदि की जानकारी भी दी जाय। बाल विकास अधिकारी ने बताया कि ‘‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं‘‘ अभियान के अन्तर्गत बालिकाओं को बढ़ावा, सुरक्षा, संरक्षण, मजबूती तथा कुपोषण से मुक्त करने हेतु पोषण अभियान चलाया जा रहा है जिसमें जनपद की सभी बालिकाओं को आच्छादित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पोषण मिशन अभियान के अन्तर्गत महिलाओं और 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों में हो रहे कुपोषण को दूर करना है। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मनुज गोयल ने भी उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिये। बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 सविता हयांकी के अलावा बाल विकास, चिकित्सा व शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
