दो अक्तूबर से देहरादून में पॉलिथीन और प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद होने जा रहा है। हालांकि इसके लिए केंद्र या राज्य सरकार की तरफ से अब तक कोई नोटिफिकेशन तो जारी नहीं किया गया, नगर निगम खुद इसकी पहल कर रहा है। वहीं व्यापारी वर्ग सिंगल यूज प्लास्टिक, माइक्रोन (थैली की मोटाई) को लेकर कन्फ्यूज है। कौन सा प्लास्टिक इस्तेमाल होगा? किस पर कार्रवाई होगी? यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। अमर उजाला कार्यालय पटेलनगर में सोमवार को आयोजित संवाद में इसी विषय पर विस्तार से चर्चा हुई।
संवाद में मेयर सुनील उनियाल गामा और नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि बैन या इस्तेमाल रोकने के लिए आम आदमी से सहयोग मांगा जा रहा है। निगम गांधीगीरी के जरिये आम लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की अपील कर रहा है। सब जानते और मानते हैं कि प्लास्टिक हमारे लिए बेहद खतरनाक हैं। इसलिए ज्यादातर लोग सहयोग भी कर रहे हैं। दो अक्तूबर से शहर में सिंगल यूज पॉलिथीन का इस्तेमाल रोकने के लिए पांच चीजों से शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि हर तरह का प्लास्टिक और पॉलिथीन का इस्तेमाल पूरी तरह रोका जाएगा।
