850 करोड़ के बैंक लोन घोटाले में फरार चल रहे महाराष्ट्र के स्टील कारोबारी को मुंबई से आई सीबीआई की आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने यहां एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी दो दिन पहले अपनी पत्नी के साथ हरिद्वार आया था। शुक्रवार सुबह सीबीआई की टीम आरोपी को लेकर मुंबई रवाना हो गई। बृहस्पतिवार देर रात सीबीआई मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा से राजेश बसंत कुशलानी और गणेश परडे हरिद्वार पहुंचे।
यहां उन्होंने एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस से मुलाकात की। साथ ही बताया कि मुंबई में सामने आए 850 करोड़ के लोन घोटाले के आरोपी की लोकेशन हरिद्वार में मिल रही है। एसएसपी ने स्थानीय क्रिमिनल इनवेस्टिगेशन यूनिट (सीआईयू) प्रभारी राजीव चौहान को सीबीआई टीम का सहयोग करने के निर्देश दिए।
