देहरादून। उत्तराखण्ड सरकार प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य के विकास से जोड़ने के उद्देश्य से प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित करने की तैयारी कर रही है। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में सम्मेलन की तैयारियों को लेकर गठित समिति की बैठक हुई। इसमें सम्मेलन के सफल आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन को विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए इसकी रूपरेखा प्रभावी और आकर्षक बनाई जाए। देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया जाए और राज्य के विकास में उनके अनुभवों, सुझावों तथा योगदान का लाभ लिया जाए।
दून विश्वविद्यालय में होगा सम्मेलन
बैठक में जानकारी दी गई कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। सम्मेलन का आयोजन देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा।
प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, तैयारियों की प्रगति के संबंध में तीन से चार दिन के भीतर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
अतिथियों के आवागमन और ठहरने की होगी व्यवस्था
सम्मेलन में शामिल होने वाले अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्थानीय स्तर पर आमंत्रित किए जाने वाले अतिथियों को चिह्नित करने के साथ उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी समयबद्ध ढंग से पूरी करने को कहा गया।
विकास योजनाओं पर आधारित लघु फिल्में दिखाई जाएंगी
सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों को प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पहलों की जानकारी दी जाएगी।
प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को आवश्यक पत्र जारी कर आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर और राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ के सदस्य सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मेलन से उम्मीद: प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव, विशेषज्ञता और निवेश संबंधी संभावनाओं को प्रदेश के विकास से जोड़ने के लिए यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण मंच बन सकता है।
