Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने किया लोकार्पण, हजारों लोगों को मिलेगा सुरक्षित एवं सुगम आवागमन

सूचना/पौड़ी/28 जून, 2026:
कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के कोटद्वार–किशनपुरी–चिल्लरखाल मार्ग पर तेली स्रोत नदी के ऊपर 2.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 मीटर स्पान डबल लेन पुल का रविवार को विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने लोकार्पण किया। पुल के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को वर्षभर सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।

लोकार्पण के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह पुल क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित आवश्यकता थी, जिससे प्रतिदिन लगभग पांच से दस हजार लोग लाभान्वित होंगे। पुल के निर्माण से किशनपुर, त्रिलोकपुर, लोकमणिपुर, रामदयालपुर, हल्दूखाता, मनदेवपुर, दलीपपुर सहित आसपास के अनेक गांवों की आवाजाही पहले से अधिक सुगम हो जाएगी। विशेष रूप से वर्षाकाल में तेली स्रोत नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण आने वाली कठिनाइयों से अब क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, बेहतर संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को गति देने वाला महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक गुणवत्तापूर्ण सड़क, पुल तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाकर विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर विमला प्रसाद शुक्ला, आशीष रावत, शशि बाला केस्टवाल, सुमन कोटनाला, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, भैरव दत्त सती, जे.पी. बहुखंडी, अमित नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *