Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

कोटद्वार के पदमपुर मोटाढांक में 17 जून को आयोजित होगा बहुउद्देशीय समाज कल्याण शिविर

पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार पंजीकरण एवं संशोधन सहित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी

सूचना/पौड़ी/16 जून 2026:
समाज कल्याण विभाग द्वारा 17 जून को कोटद्वार क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय, पदमपुर मोटाढांक में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सेवाएं, शिकायतों का निस्तारण तथा दिव्यांगजनों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि यह शिविर प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगा। शिविर में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न समाज कल्याण योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र शिविर स्थल पर ही बनाए जाएंगे। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी संपादित की जाएगी। समाज कल्याण विभाग द्वारा आवश्यकता अनुसार दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर उपलब्ध करायी जाएगी, जबकि ऐलिम्को के माध्यम से कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का वितरण भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविर में आधार कार्ड से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। जिन व्यक्तियों के आधार कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनके नए आधार कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर एवं अन्य विवरणों में संशोधन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने क्षेत्र के सभी पात्र लाभार्थियों एवं नागरिकों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *