Spread the love


केंद्रीय मंत्री ने जम्मू-कश्मीर के खोनमोह में “लखपति दीदी सम्मेलन” में भाग लिया

ग्रामीण आजीविका मिशन (जेकेआरएलएम) ने आज केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के खोनमोह में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों को मान्यता देने के उद्देश्‍य से एक ऐतिहासिक कार्यक्रम “लखपति दीदी सम्मेलन” आयोजित किया। यह कार्यक्रम इस केंद्र शासित प्रदेश में ग्रामीण महिला सशक्तिकरण के संदर्भ में एक प्रमुख मील का पत्थर है। केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सम्‍मेलन में मुख्य अतिथि थे, जबकि जम्मू-कश्मीर के ग्रामीण विकास और जनसंपर्क मंत्री श्री जाविद अहमद डार सम्‍मानित अतिथि थे।

इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से लखपति दीदी पहल के तहत सैकड़ों महिला लाभार्थियों ने भाग लिया और आर्थिक आत्मनिर्भरता और परिवर्तन की अपनी प्रेरक यात्रा का अनुभव साझा किया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने महिलाओं की सराहना करते हुए उन्हें “परिवर्तन की वास्तविक निर्मात्री” बताया और ग्रामीण महिलाओं को समर्थन देने के लिए भारत सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “अधिकाधिक सशक्तीकरण की दिशा में आपकी यात्रा में सरकार हमेशा आपके साथ खड़ी रहेगी।” लाडली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना जैसी प्रमुख पहलों की सफलता पर प्रकाश डालते हुए श्री चौहान ने महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये परिवर्तनकारी योजनाएं देश के हर क्षेत्र में महिलाओं के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाल रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने खुद के लिए आजीविका और दूसरों के लिए रोजगार पैदा करने में सफलता को मान्यता देने के क्रम में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाली छह महिलाओं – मनीषा देवी, तजा बेगम, सोनी देवी, परवीना, सामिया जान और शुभीना जान को प्रशंसा प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

जम्‍मू-कश्‍मीर के मंत्री श्री जाविद डार ने श्री चौहान के दौरे के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर में ग्रामीण महिलाओं के लिए अधिक अवसर उपलब्ध होंगे। महिला लाभार्थियों ने ग्रामीण विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और सरकार को उनके निरंतर सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन-यापन कर सकें।

****


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *