Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल।

सूचना/पौड़ी/ 27जून, 2025:

संवेदनशील क्षेत्रों में रेस्टोरेंट, दुकानों और चौराहों का किया गया निरीक्षण

  जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने को लेकर जिला प्रशासन पौड़ी गढ़वाल द्वारा सतत प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार के निर्देशन में विकासखंड दुगड्डा क्षेत्र के सुभाष बाजार, मोती बाजार, धनीराम बाजार और पहाड़गंज में बाल एवं किशोर श्रम की रोकथाम को लेकर विशेष संयुक्त अभियान चलाया गया।

इस अभियान में जिला बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की संयुक्त टीमों ने भाग लिया। अभियान के तहत स्थानीय रेस्टोरेंट, सैलून, किराना और कपड़े की दुकानों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संभावित बाल श्रमिकों से संवेदनशीलता एवं गोपनीयता के साथ बातचीत की गयी और उनकी पारिवारिक व कार्यस्थल से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटायी गयी।
जिला परिवीक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि यह अभियान जून और जुलाई माह में लगातार संचालित किया जायेगा। इस दौरान संवेदनशील व अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर उन्हें विशेष निगरानी में लिया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बाल श्रम कानूनन अपराध है और इसके खिलाफ जनसहभागिता के बिना सफलता संभव नहीं। आने वाले दिनों में इस तरह के अभियान और अधिक व्यापक रूप से चलाये जाएंगे, ताकि बाल अधिकारों की रक्षा करते हुये जिले को पूरी तरह बाल श्रम मुक्त बनाया जा सके।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *