Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल।

सूचना/पौड़ी/ 25 जून, 2025:

20 जुलाई तक चलेगा पौधरोपण अभियान, मतदेय स्थलों को बनाया जा रहा हरित केंद्र

   हरेला पर्व के अंतर्गत जनपद में चल रहे वृक्षारोपण को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने बुधवार को विकास भवन कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि बीते 5 जून से लेकर आगामी 20 जुलाई तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से मतदेय स्थलों पर चल रहे पौधरोपण कार्यक्रम की सतत निगरानी की जाय।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिये कि जिन स्थानों पर पौधे लगाये जा चुके हैं, वहां की प्रतिदिन की रिपोर्ट पौध की प्रजाति व फोटो सहित अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाय। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता न होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी प्रयास होना चाहिये। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों व खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि यदि किसी क्षेत्र में पौधों की आवश्यकता हो तो वे उद्यान और वन विभाग से समन्वय कर पौधे प्राप्त करें। उन्होंने यह भी कहा कि मतदेय स्थलों में हो रहे वृक्षारोपण कार्यक्रमों में अधिकारी स्वयं प्रतिभाग करें, जिससे स्थानीय लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदेय स्थलों पर लगाये गये पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों की होगी। साथ ही निर्देश दिये कि सभी पौधों की सुरक्षा के लिए ट्रीगार्ड अनिवार्य रूप से लगाये जाएं। सीडीओ ने यह भी कहा कि यह अभियान जनसहभागिता के माध्यम से सफल बनाया जाय और हर रोपे गये पौधे का संरक्षण सुनिश्चित किया जाय।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेन्द्र बर्तवाल, जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *