Spread the love


श्रद्धालुओं को मिला पवित्र स्नान का अनुभव, मेला प्रशासन की तत्परता से स्वच्छता अभियान ने बदली तस्वीर

विशेष सफाई वाहनों और सेसपूल ऑपरेशन के जरिए घाटों व मेला क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित

प्रयागराज महाकुंभ 2025 के अंतर्गत माघ पूर्णिमा स्नान के बाद संगम घाटों की सफाई को लेकर मेला प्रशासन ने तत्परता का परिचय दिया। स्नान पर्व समाप्त होते ही सफाईकर्मियों की टीम ने व्यापक सफाई अभियान शुरू किया, जिसके परिणामस्वरूप रातों-रात घाटों और मेला क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बना दिया गया। बुधवार को दो करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम स्नान किया, जिससे घाटों पर फूल-मालाएं, वस्त्र, प्रसाद सामग्री और अन्य ठोस अपशिष्ट एकत्र हो गया था। प्रशासन ने घाटों पर भीड़ कम होते ही सफाई अभियान चलाया और अगली सुबह तक संगम तट को पूरी तरह साफ कर दिया गया।

विशेष सफाई अभियान और सेसपूल ऑपरेशन से की गई सफाई सुनिश्चित

महाकुंभ मेला प्रशासन की ओर से सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए थे कि भीड़ खत्म होते ही बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया जाए। निर्देशानुसार, जैसे ही श्रद्धालुओं की भीड़ कम हुई, प्रशासन ने विशेष सफाई वाहनों की मदद से घाटों और मेला क्षेत्र से ठोस अपशिष्ट उठाने का कार्य शुरू कर दिया। इसके अलावा, सभी शौचालयों में सेसपूल ऑपरेशन चलाया गया, जिससे शौचालयों की सफाई सुनिश्चित हो सके।

मेला प्रशासन के सैनिटेशन प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि सफाई अभियान के तहत न केवल घाटों की सफाई की गई, बल्कि मेला क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों को भी झाड़ू लगाकर स्वच्छ बनाया गया। इसके अलावा, डस्टबिन और लाइनर बैग्स को टीपर और कॉम्पैक्टर की मदद से खाली कराया गया, जिससे संपूर्ण मेला क्षेत्र स्वच्छ और व्यवस्थित दिखे।

श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जताया आभार

मेला प्रशासन द्वारा इतनी तेजी से किए गए सफाई अभियान की श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि प्रशासन की प्रतिबद्धता ने यह साबित कर दिया है कि महाकुंभ 2025 को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही।

प्रयागराज महाकुंभ स्वच्छता और सुव्यवस्थित प्रबंधन का प्रतीक बन चुका है, जहां हर स्नान पर्व के बाद व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाकर घाटों को फिर से पवित्र और निर्मल बनाया जाता है। यह प्रशासन की एक अनूठी पहल है, जिससे श्रद्धालुओं को निरंतर स्वच्छ और दिव्य वातावरण में आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो रहा है। 


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *