Corona Kavach बीमा पॉलिसी अब ग्रुप इंश्योरेंस के तौर पर भी मिलेगी, IRDAI ने दी मंजूरी
इंश्योरेंस कंपनियों के अनुसार, 10 जुलाई को लॉन्च की गई अल्पकालिक व्यक्तिगत कोरोना कवच स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी जनता के बीच काफी लोकप्रिय हुई है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए बीमा क्षेत्र के नियामक इरडा (IRDAI) ने मंगलवार को स्वास्थ्य बीमा करने वाली कंपनियों को ‘Corona Kavach’ को मानक ग्रुप इंश्योरेंस पॉलिसी के रूप में भी पेश करने की अनुमति दी है, जिससे सरकारी व निजी सेक्टर की कंपनियों और दूसरे व्यापारिक संस्थानों को अपने कर्मचारियों को बीमा कवर उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।सभी 30 बीमा कंपनियों ने इस पॉलिसी की पेशकश शुरू कर दी है। भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण ने एक सकुर्लर जारी कर कहा कि ग्रुप इंश्योरेंस पॉलिसी भी निजी और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
इरडा ने कहा, ‘ग्रुप पॉलिसी मैन्युफैक्चरिंग, सर्विसेज, एसएमई, एमएसएमई, लॉजिस्टिक्स सेक्टर और प्रवासी मजदूरों जैसे घटकों में बड़ी संख्या में कर्चचारियों को सुरक्षा प्रदान करेगी और उन कर्मचारियों व उनके परिवाार के सदस्यों को मन की शांति प्रदान करेगी।’
इरडा ने कहा कि ग्रुप बीमा पॉलिसी कोरोना वायरस के खिलाफ अग्रिम पंक्ति में लड़ाई लड़ रहे डॉक्टरों, नर्सों व अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए भी मददगार साबित होगी। कारोना से लड़ाई में इन बहादुरों के योगदान को सम्मान देते हुये उन्हें 5 फीसद की छूट भी दी जाएगी।
मानक ग्रुप बीमा पॉलिसी की सभी नियम व शर्तें वही होंगी, जो कि व्यक्तिगत कोरोना कवच पॉलिसी के लिए रखी गई हैं। अल्पकालिक कोरोना कवच पॉलिसी को साढे तीन महीने, साढे छह महीने और साढे नौ महीने के लिए जारी किया जा सकता है। इसमें बीमा राशि 50 हजार रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक होती है।
