कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
15 सितंबर से मिशन मोड में संचालित होंगे मनरेगा से जुड़े सारा योजना के कार्य
सूचना/पौड़ी/05 सितंबर, 2026:
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने शनिवार को विकास भवन सभागार में सारा (स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी) की समीक्षा बैठक लेते हुए एक जनपद-एक नदी कार्यक्रम सहित जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में एक जनपद-एक नदी कार्यक्रम के तहत कन्वर्जेंस की प्रगति की समीक्षा के दौरान उन्होंने वन विभाग, विकासखंड पाबौ एवं थलीसैंण को संशोधित कार्ययोजना शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने पाबौ एवं थलीसैंण के खंड विकास अधिकारियों को संशोधित कार्ययोजना 06 सितंबर तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों में तेजी लाने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने वर्षा आधारित नदियों, गदेरों, जलधाराओं एवं जल स्रोतों के संरक्षण के लिए तैयार उपचार योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से जुड़े छोटे-छोटे कार्य भी दीर्घकाल में महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी परिणाम देते हैं। ऐसे कार्यों में गुणवत्ता, उपयोगिता और धरातल पर वास्तविक प्रभाव को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि सारा योजना के अंतर्गत मनरेगा मद से कराए जाने वाले कार्य 15 सितंबर से मिशन मोड में संचालित किए जाएं, ताकि निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं की प्रगति को अद्यतन रखने के लिए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से एमपीआर (मासिक प्रगति प्रतिवेदन) सारा कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने सारा एवं मनरेगा के तहत स्वीकृत कार्यों को समानांतर रूप से पूरा करने तथा पूर्ण कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र समय से उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने जल संरक्षण एवं स्रोत संवर्धन से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया, ताकि इनका लाभ स्थानीय समुदायों को लंबे समय तक मिल सके।
बैठक में उपनिदेशक जलागम अजय कुमार, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, उप प्रभागीय वनाधिकारी आयशा बिष्ट एवं राखी जुयाल, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
