अल्मोड़ा रेंज के कठपुड़िया के पपोली गांव में दो लोगों पर हमला करने वाले गुलदार को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया है। इस गुलदार को वन विभाग ने पिंजरा लगाने के दो घंटे में ही पकड़ने का दावा किया है।इससे पहले रविवार की सुबह पपोली के पूर्व प्रधान राजेन्द्र सिंह और महेन्द्र सिंह पर गुलदार ने घर के पास ही हमला कर घायल किया था। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया था, जिसके बाद एहतियात बरतते हुए वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगा दिया था।
वन क्षेत्राधिकारी संचिता वर्मा ने बताया कि गुलदार का रेस्क्यू कर लिया गया है और फिलहाल वह रेस्क्यू सेंटर में है। सोमवार को उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। उसके बाद अगला ऩिर्णय लिया जाएगा। गांव में गुलदार के आतंक से ग्रामीणों में दहशत थी गुलदार के पकड़े जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली है।
