कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में नोटिसों की सुनवाई पूरी, 3 अक्टूबर को होगा अंतिम प्रकाशन
सूचना/पौड़ी/08 सितंबर, 2026:
निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का कार्य जनपद की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि निर्वाचक नामावली पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन हो तथा कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि एसआईआर के तहत जनपद की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विसंगति एवं मानचित्रण नहीं होने की श्रेणी में आने वाले मतदाताओं को कुल 1,39,967 नोटिस जारी किए गए थे। सभी नोटिसों के सापेक्ष संबंधित स्तर पर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। सुनवाई के दौरान पात्र पाए गए मामलों को अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के लिए तैयार किया जा चुका है, जबकि अपात्र पाए गए मामलों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन की पूर्व निर्धारित तिथि 15 सितंबर, 2026 से बढ़ाकर 3 अक्टूबर, 2026 कर दी गयी है। वहीं सुनवाई की अंतिम तिथि अब 28 सितंबर, 2026 निर्धारित की गयी है। जनपद में अधिकांश सुनवाई पूरी हो चुकी है और शेष प्रक्रिया भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय एवं सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। किसी भी स्तर पर सामने आने वाली समस्या का नियमानुसार समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर की प्रगति एवं प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी और ब्रीफिंग दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर-2026 की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। इसका उद्देश्य ऐसी अंतिम निर्वाचक नामावली तैयार करना है, जिसमें पात्र मतदाताओं के नाम शामिल हों और अपात्र नामों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
