Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

श्रमिक अपने पसीने से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिख रहे : सतपाल महाराज

पोखड़ा में श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में कैबिनेट मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं

सूचना/पौड़ी/07 सितंबर, 2026:


श्रम विभाग की ओर से सोमवार को पोखड़ा ब्लाक मुख्यालय के सभागार में श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने श्रमिकों और क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों से पंजीकरण और नवीनीकरण कराने के साथ ही सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने को कहा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, भवन निर्माण, औद्योगिक क्षेत्र समेत विभिन्न विकास कार्यों में श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। उनके परिश्रम के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से मिले। श्रमिकों का पंजीकरण और उसका समय पर नवीनीकरण इसी दिशा में महत्वपूर्ण है। पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहायता मिलती है।

मंत्री ने कहा कि श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभाग की ओर से शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से सुविधाएं श्रमिकों तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने सभी श्रमिकों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपने पंजीकरण की स्थिति की जानकारी रखने को कहा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले श्रमिकों को पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए। पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की परेशानी न हो और आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख संजय गुसाईं, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी एसपी शाह, जिला पंचायत सदस्य बलवंत नेगी सहित शैलेन्द्र दर्शन, सुयश रावत, महिपाल सिंह नेगी, प्रभुशरण बुडाकोटी, सुनील, विकास, पुष्कर जोशी, भगत सिंह रावत व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *