मेरे प्यारे देशवासियो, नमस्कार।‘मन की बात’ में एक बार फिर आप सभी का स्वागत है। ‘मन की बात, समाज के हर वर्ग, देश के हर हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है और इसमें हम समाज के सामने मौजूद चुनौतियों की बात करते हैं, लोगों को जागरूक भी करते हैं। आज ‘मन की बात’ में, मैं सबसे पहले ऐसा ही एक विषय उठा रहा हूँ और वो है ‘drugs’ यानि ‘नशे की लत’।साथियो,आज दुनिया में भारत के युवाओं की प्रतिभा की कितनी चर्चा हो रही है। हमारे युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं, उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हैं, लेकिन, युवाओं के इन सपनों के सामने drugs, नशा एक बड़ी चुनौती बन गई है। मुझे संतोष है कि आज देश में नशे के खिलाफ समाज की सक्रियता बढ़ रही है। ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ भी जोरों पर चल रहा है। ऐसे कितने ही प्रेरक उदाहरण हमारे सामने आ रहे हैं जहां युवाओं ने अपनी इच्छा शक्ति से नशे की लत को हराया है, कठिन से कठिन परिस्थितियों से लड़ाई लड़ करके बाहर निकले हैं। वे खुद से लड़े हैं और अपने जीवन को एक नई दिशा दी है। आज ‘मन की बात’ में मैंने एक ऐसे ही युवा साथी को फोन किया है। आइए उन्हीं से सुनते हैं, drugs के खिलाफ अपने जीवन की ये लड़ाई उन्होंने कैसे जीती। कैसी-कैसी कठिनाइयों से वो गुजरे। आइए उनको सुनते हैं।युवा साथी : नमस्कार सर, कैसे हैं आप?प्रधानमंत्री : नमस्ते जी, मुझे आज एक नया दोस्त मिल रहा है। ना मैं आपसे कभी मिला हूँ, लेकिन जो आपके विषय में सुनायुवा साथी : जी सर।प्रधानमंत्री : तो मेरा मन कर गया कि मैं आपसे बात करूँ।युवा साथी : जी-जी बिल्कुल सर।प्रधानमंत्री : दोस्त आप बताइए कि आप नशे की गिरफ्त में कैसे फंसे?युवा साथी : सर, मैं दिल्ली के सदर बाजार में रहा करता था। वहाँ मेरी नानी का घर था, तो वहाँ का थोड़ा माहौल ऐसा था, कि मतलब, छोटे-छोटे बच्चे नशा करते थे, तो मैं उनको देख के ना, उनकी आँखें dim-dim रहती थी, मुझे लगता था कि कुछ करते हैं ये, तो सर फिर ऐसा हुआ, कि मैं, स्कूल में अपने से senior class वालों को देखता था,वो भी थोड़ा अलग लाइफ जीते थे। मैं, उन सब चीजों में ना, ज्यादा focus करता था। 10th में मैंने छोटा-मोटा ड्रग्स लेना start करा। धीरे-धीरे-धीरे मेरा level बढ़ता चला गया। मुझे नहीं पता चला मैं शौक के तौर पर करता था वो सब चीज़े कब वो मेरी habit में बदल गई। मेरे को उसकी एक आदत बन गई कि चाहिए तो चाहिए, उसके बगैर कुछ भी नहीं हो पाता था मुझसे। बहुत मजा आता था, मजे के चक्कर में तो करना start करा था, करता था, एक flow आता था, मजा आता था। अच्छा लगता था, एक ऐसा लगता था कि सब कुछ अच्छा चल रहा है – बिंदास। मुझे ये नहीं पता था कि इसका आगे मुझे भुगतान क्या भरना पड़ेगा?प्रधानमंत्री : पैसे भी बहुत खर्च करने पड़े होंगे उसके कारण और बुरी आदतें लगी होंगी?युवा साथी : जी सर। घर से मैं पैसे बोलकर ले रहा हूँ कि कोई book लेनी है, कभी फीस भरनी है, कभी मेरे को picnic पे जाना है, पर मैं पैसे, वो सारे, अपने इधर लगा रहा हूँ नशे में।प्रधानमंत्री : अच्छा, आपके जीवन में वह कौन-सा मोड़ आया, जब आपने तय किया कि अब आपको नशे से बाहर निकलकर अपनी जिंदगी को एक नई दिशा देनी है?युवा साथी : सर, मैं अपने ना, नाना-नानी के पास रहा था शुरू से। डैडी मेरे बचपन में expire हो गए थे, तो मेरी नानी, अपने पास ले आई थी मेरी mumma को और मुझे कि भई मेरे पास ही रहोगे अब आप लोग, फिर मैं धीरे-धीरे बड़ा होता रहा हूँ, उन लोगों ने मुझसे बहुत सपने लगाए थे, कि हमारा बच्चा एक अच्छा बनेगा। पर ऐसा, उन्हें कुछ भी नहीं दिखा। पहले मेरी mumma खत्म हो गई, उसके कुछ ही time बाद मेरी नानी खत्म हो गई। मुझे बहुत बड़ा झटका लगा, क्योंकि मुझे उस time उसके अलावा, मेरे को, कोई देखने वाला नहीं था। मैं अनाथ हो गया था, बिल्कुल ना रोड पे आ गया था। मैंने अपना time रोडों पे गुजारा। सर्दियों में मैं आलू के कट्टे खाली कर करके सोया। भंडारे में रोटी खाई, लंगर खाया, मतलब बहुत बुरा समय देखा मैंने – एक नशे के कारण। बिल्कुल ऐसा हो गया था कि सामने मेरे मौत खड़ी थी, और वो हाथ पकड़ना चाह रही थी, कि बस हाथ पकड़ा, और मैं अपनी गिरफ्त में तुझे ले लूँ, पर मैंने उसे, अपनी उंगली भी नहीं पकड़ने दी। सर, ये सब चीज़े देख-देख के, देख-देख के, मैं, बिल्कुल अंदर से मैं टूट गया था, कि भई अब क्या होगा, मेरे घरवालों ने मुझे बिल्कुल छोड़ दिया, बिल्कुल एक तरफ कर दिया, क्योंकि, मेरे पापा बचपन में खत्म हो गए थे। मम्मी मेरे को नानी के पास ले आई थी, मेरा वहाँ से कोई touch में नहीं है, दादा-दादी से कोई touch नहीं था, और जो मामा-मामी थे, उन लोगों ने भी मुझे छोड़ दिया था, कि भई इससे, हमारे बच्चों पर क्या असर पड़ेगा इसका, इसको एक side कर दो। रिश्तेदार तो सर कौन ही पूछता है, सर, कोई भी नहीं पूछता था मुझे, बिल्कुल भटक गया था, और जो दोस्त थे वो सब addict थे, सारे गलत काम करने वाले addict दोस्त, मतलब, नशा करना, और नशे को कैसे प्राप्त करना है ? क्या काम करना है ? कैसे गलत काम करना है ? बस इन सब चीजों में मैं उलझ गया था।प्रधानमंत्री : नहीं, इसमें से कौन-सा मोड़ आया जब आपने तय किया कि मुझे इस बुराइयों से, इस नर्क वाली ज़िंदगी से बाहर निकलने का – ये पल कौन-सा था ?युवा साथी : सर, वो पल ऐसा था कि मेरा एक partner था जो मुझे थोड़ा support करता था, उससे मैंने बोला कि भई मैं नशा छोड़ना चाहता हूँ, मुझे थोड़ी support करो। मेरे को उससे बहुत उम्मीद थी, पर उसने भी last time पे मेरे को हाथ दिखा दिए खड़े करके, कि नहीं भई, मैं भी तेरे साथ नहीं हूँ। तो मैं वहाँ से टूट गया था बिल्कुल, कि मेरा last सहारा ये था, और एक नशे के कारण, मैंने, अपनी मम्मी खो दी, नानी खो दी, परिवार खो दिया – last ये था मैंने इसे भी खो दिया, तो अब, सुधरना बनता है, तो उसके बाद, मुझे rehabilitation centre का पता चला SPYM (Society for the Promotion of Youth and Masses) ऐसे करके centre है। Delhi में head office है इसका वसंत कुंज में, तो मैं वहाँ गया, वहाँ जा के मैंने treatment लिया, मैं बाहर आया, अकेला था, सर, मैं, वहाँ से treatment लिया, बाहर निकला। मैं फिर relapse हो गया, गड़बड़ कर दी, मुझे फिर उन लोगों ने बुलाया कि आ जाओ। तीन बार ऐसे ही चला, फिर मैंने उन्हें अपनी पूरी problem बताई कि; उन्होंने मेरा कारण पूछा बार-बार relapse क्यों हो जा रहे हो, तो उन्हें मैंने बताया कि, मैं अकेला हूँ। मैं यहाँ से बाहर निकल के, मुझे पता ही नहीं होता कि मैं जाऊंगा कहाँ, मेरा घर कहाँ हैं, रहना कहाँ हैं ? कुछ नहीं पता होता था सर मुझे ? इस चक्कर में, मैं, उन्हीं लोगों के पास पहुँच जाता था घूम-फिर के, जो मेरे पहले दोस्त थे, क्योंकि मुझे कोई ठिकाना नहीं मिलता था रहने का कि मैं कहाँ जाऊं। प्रधानमंत्री : आपने बहुत बुरे दिन देखे और ये नशे से बाहर निकलने का आपका प्रयास में भी रुकावटें आई, यानि बहुत चुनौतीपूर्ण रहा होगा ये कालखंड, जिसमें बाहर निकलने की इच्छा भी मुश्किल रही होगी ?युवा साथी : सर, एक अंदर से मन करता था कि छोड़ दें, एक अंदर से मन करता था कि थोड़ी-सी life बची है यार, नशे करके जी, और chapter खत्म कर अपना। सर, मैंने उसकी न सुनके, दूसरे मन की सुनी कि नहीं यार, मुझे अपनी life को सुधारना है, मुझे कुछ अपने लिए करना है, जो मेरे को सब कहते थे ना, कि भई, ये कुछ नहीं कर पाएगा। मुझे घरवालों ने छोड़ दिया अपने हाल पर, सबने छोड़ दिया।प्रधानमंत्री : अपने खुद के अनुभव के आधार पर, अगर आपको देश के युवाओं को कुछ कहना हो, जो अभी भी नशे की लत के शिकार पड़े हैं? ऐसे बच्चों को आप क्या कहेंगे?युवा साथी : सर, मैं उनको ये ही कहना चाहूँगा, कि शुरू में इन सब चीजों से बहुत मजा आता है, पर जो इसका बाद में नुकसान है ना, वो हमारे साथ, हमारा परिवार भी भुगतता है, इसके अंदर कुछ भी फायदा नहीं है कुछ भी – सिर्फ नुकसान, नुकसान, नुकसान के अलावा कुछ नहीं है। जो इस नशे के अंदर ग्रस्त है, उनको एक छोटा-सा message देना चाहूँगा, हमारी life, सर, बहुत प्यारी है, बहुत अच्छी है, हम उसको उस तरीके से जिये ना, तो हम हर चीज के मजे ले पाएंगे।प्रधानमंत्री : चलिए, बहुत अच्छा लगा आपसे बात करके और मैं आपको शुभकामनाएं देता हूँ कि जिस लड़ाई को आपने जीता है, आप विजयी बने रहें। फिर से कभी इस लत में जाएंगे नहीं – ये संकल्प करके जियें और जो भी मिले उसको समझाते रहिये कि ये रास्ता गलत है।युवा साथी : जी सर, Thank you sir.प्रधानमंत्री : बहुत-बहुत शुभकामनाएँ दोस्त, बहुत-बहुत शुभकामनाएँ।युवा साथी : धन्यवाद जी।दोस्त, मैं आपको फिर से बहुत बधाई दूंगा कि आप drugs की इस भयानक लत से बाहर निकले। आपने दिखाया है कि जब इच्छाशक्ति हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रह जाता है। आपकी बातें सुनकर ऐसे अनेक युवाओं को शक्ति मिलेगी, जो drugs की लत को छोड़ना चाहते हैं। परिवार के लिए, देश के लिए बहुत जरूरी है कि उसकी युवा-पीढ़ी drugs से बची रहे। आपको मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं।मेरे प्यारे देशवासियो,जीवन में जब भी हम कुछ नया सीखते हैं, तो हमें एक अलग ही आनंद की अनुभूति होती है और सीखने की तो कोई उम्र भी नहीं होती। आज,मैं आपसे देश के उन लाखों सरकारी कर्मचारियों की बात करना चाहता हूँ, जिनमें कुछ नया सीखने का उत्साह देखने को मिल रहा है। इनमें से कई लोग 20-25 वर्षों से सरकारी सेवा में हैं। इतना लंबा अनुभव होने के बावजूद ये अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए कुछ नया सीखने के लिए भी समय निकाल रहे हैं, और इसके लिए वो, एक Digital Platform की मदद ले रहे हैं। इसका नाम है ‘iGOT कर्मयोगी’। इस Platform पर सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं। लाखों सरकारी कर्मचारियों ने अनेकों कोर्स पूरे किए हैं। कोई Artificial Intelligence की पढ़ाई कर रहा है, तो कोई Indian sign language सीख रहा है। AI और नई technology की पढ़ाई को लेकर हमारे कर्मयोगियों में, मैं,विशेष उत्साह देख रहा हूँ। इससे जुड़े 200 से ज्यादा कोर्स ऐसे हैं इनमें सवा-तीन करोड़ से ज्यादा course completion हो चुके हैं।साथियो,केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कर्मचारी भी इससे जुड़े हैं। हमारी आशा बहनें, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, हमारे शिक्षक, पुलिस के जवान, स्वास्थ्यकर्मी, सफाई कर्मचारी, ये सभी सरकारी व्यवस्था के ऐसे साथी हैं जिनसे देशवासियों का रोज का संपर्क होता है। जब ये साथी कुछ नया सीखते हैं ‘iGOT कर्मयोगी’ का कोर्स करके जब ये कर्मयोगी बन जाते हैं तो इसका लाभ उन तमाम लोगों को भी मिलता है जिनके बीच ये काम करते हैं।साथियो,‘नागरिक देवो भव’ ये मिशन कर्मयोगी का मूल मंत्र है। देश के लाखों सरकारी कर्मचारियों में सीखने का उत्साह विकसित भारत की यात्रा में बहुत बड़ी ताकत है।मेरे प्यारे देशवासियो,जरा सोचिए आपका मोबाइल फोन कहीं खो जाए तो कितनी परेशानी होती है। Mobile में आपके contacts हैं, photos हैं, जरूरी documents हैं, और, न जाने कितनी जरूरी जानकारियां भी हैं। एक बार फोन खो जाए, तो उसे वापस पाने की उम्मीद भी धीरे-धीरे कम होने लगती है – लेकिन अब ऐसा नहीं है। आपका खोया हुआ मोबाइल फोन आपको वापिस मिल सकता है, और इसमें भारत सरकार का Digital Platform आपकी बहुत बड़ी मदद कर सकता है। उस platform का नाम है ‘संचार साथी’। अब तक ‘संचार साथी’ के portal पर 30 करोड़ से ज्यादा visit हो चुकी हैं। करीब 3 करोड़ बार इसका App download किया जा चुका है।साथियो,सवाल है कि आखिर ‘संचार साथी’ ये काम करता कैसे है? दरअसल, हर मोबाइल फोन की अपनी एक खास पहचान होती है – इसे I.M.E.I. नंबर कहते हैं। ‘संचार साथी’ इसी पहचान की मदद से आपके खोए हुए मोबाइल को तलाशने में मदद करता है। आप पुलिस में शिकायत करने के साथ ही ‘संचार साथी’ पर अपने मोबाइल का I.M.E.I. नंबर और कुछ जरूरी जानकारियां देकर उसे ब्लॉक करा सकते हैं। इसके बाद कोई व्यक्ति उसमें नया SIM डालकर भी उसका इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। लेकिन इसकी खास बात यहीं खत्म नहीं होती। जैसे ही कोई उस मोबाइल में नया SIM डालकर network से जुड़ने की कोशिश करेगा पुलिस के लिए उसका पता लगाना और आसान हो जाएगा।साथियो,इस व्यवस्था की मदद से देश-भर में 14 लाख से ज्यादा खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं; उनके मालिक को वापिस भी दे दिए गए हैं। यानी, जो फोन कभी खो जाने के बाद वापस मिलने की उम्मीद नहीं रहती थी आज technology उसे वापस पाने की उम्मीद जगा रही है।साथियो,‘संचार साथी’ हमें एक-दूसरे की मदद करने का अवसर भी देता है। मान लीजिए आपके पास कोई फोन आया, किसी ने धोखाधड़ी करने के लिए आपसे OTP मांगा। आप समझ गए कि ये कोई ठग है, आपने फोन काट दिया। लेकिन जिस ठग से आप बच गए, हो सकता है, उसकी अगली कॉल किसी ऐसे बुजुर्ग के पास जाए, जो उसके झांसे में आ जाए। ऐसे में आप ‘संचार साथी’ पर उस संदिग्ध कॉल की जानकारी जरूर दें। पुणे में रहने वाले हिमांशु सिंह जी ने ऐसे ही 300 से ज्यादा नंबरों को ‘संचार साथी’ पर रिपोर्ट किया था। उनके प्रयास से पिछले एक साल में करीब 18 हज़ार मोबाइल कनेक्शन रद्द करवाने में मदद मिली है। ऐसे ही आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में रहने वाले विवेक अल्हरी जी हैं। एक सतर्क नागरिक की भूमिका निभाते हुए उन्होंने संचार साथी पर 900 से ज्यादा फ्रॉड नंबर साझा किए। उनके प्रयास से करीब 17 हजार मोबाइल कनेक्शन काटने में मदद मिली है। आप भी इनसे जरूर सीखें। आपकी इस छोटी सी कोशिश से, देश के किसी दूसरे कोने में, किसी परिवार की जीवन-भर की कमाई बच सकती है।साथियो‘संचार साथी’ से हमारा बैंक, पेमेंट apps, टेलीकॉम कंपनियां और पुलिस समेत 1600 से ज्यादा संस्थान जुड़े हुए हैं। इससे साइबर ठगी के कई प्रयासों को समय रहते नाकाम करने में मदद मिल रही है। इस व्यवस्था की मदद से अब तक 5 हजार करोड़ रूपये से ज्यादा के संभावित नुकसान को रोका गया है। ये app 23 भाषाओं में उपलब्ध है और इसका इस्तेमाल करना बहुत आसान है। आप भी ‘संचार साथी’ के बारे में ज्यादा-से-ज्यादा लोगों को बताइए। हमारी छोटी-छोटी सावधानियां डिजिटल दुनिया को हम सभी के लिए और सुरक्षित बना सकती हैं।मेरे प्यारे देशवासियो,हम जब भी किसी नई जगह पर जाते हैं, तो हमारी इच्छा वहाँ की प्रसिद्ध जगहों को देखने की, वहाँ के खान-पान का आनंद लेने की होती है। मेरा आपसे एक आग्रह है, आप जहाँ भी घूमने जाएँ, वहाँ के म्यूजियम्स के बारे में भी जरूर पता करें। हाल ही में, भारत के म्यूजियम्स से जुड़ी कुछ ऐसी खबरें आई हैं, जो बहुत उत्साह बढ़ाने वाली हैं।साथियो,पटना में स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम्स की एक लिस्ट में 9वाँ स्थान मिला है। इस लिस्ट में बिहार म्यूजियम पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। आपने Paris के ‘Louvre म्यूजियम’ का नाम सुना होगा। न्यूयॉर्क का ‘The Met’ म्यूजियम भी दुनिया में बहुत प्रसिद्ध है। बिहार म्यूजियम इस लिस्ट में इन दोनों से आगे है।साथियो,गुजरात के वडनगर में भी एक बहुत अनूठा म्यूजियम है। इसका नाम है ‘अनंत अनादि वडनगर Archaeological Experimental म्यूजियम’। वडनगर में पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान इतिहास के अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी बहुत सारी चीजें मिली हैं। जिस जगह पर ये खुदाई हुई है, उसी जगह पर इस म्यूजियम को विकसित किया गया है। यहाँ एक ऐसा रास्ता बनाया गया है, जिस पर चलते हुए आप जमीन के कई मीटर नीचे तक जो खुदाई हुई है उसे देख सकते हैं। वडनगर म्यूजियम में पाँच हजार से ज्यादा प्राचीन कलाकृतियाँ भी प्रदर्शित की गई हैं। इसी महीने बर्लिन में वडनगर म्यूजियम को डिजाइन की दुनिया का बड़ा सम्मान ‘Red Dot: Best of the Best Award’ मिला है। ये भारत का पहला म्यूजियम है जिसे ये सम्मान मिला है।साथियो,वडनगर वो शहर है जो हजारों वर्षों से जीवंत है, ठीक काशी की तरह, और संयोग देखिए, वडनगर में मेरा जन्म हुआ और काशी का मैं सांसद हूँ। अभी कुछ दिन पहले कांची कामकोटि पीठ के पूज्य शंकराचार्य जी भी वडनगर गए थे। उन्होंने वडनगर को ‘गुजरात की काशी’ के रूप में पहचान दी है।साथियो,कला की दुनिया में भी भारत ने एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इटली के वेनिस में एक बहुत प्रतिष्ठित कला प्रदर्शनी होती है ‘Venice Art Biennale’। इसे कला की दुनिया का ओलंपिक भी कहा जाता है। इस बार वहाँ करीब साढ़े चार लाख लोगों ने भारत के पवेलियन का दौरा किया। खास बात ये है कि दुनिया-भर से आए दर्शकों ने वोट देकर भारत के पवेलियन को सर्वश्रेष्ठ चुना है। हमारे कलाकारों ने दिखाया है कि भारत की पारंपरिक कलाओं को नए रूप में प्रस्तुत किए जाएं, तो वो पूरी दुनिया का मन मोह लेती हैं।साथियो,अब भारत में भी कला, वास्तुकला और डिजाइन का एक बहुत बड़ा उत्सव होने जा रहा है। दिसंबर महीने के पहले सप्ताह में ही दिल्ली में ‘India Biennale’ की शुरुआत होगी। इस बार पूरे 108 दिनों तक देश की ऐतिहासिक स्मारकें, म्यूजियम्स और आर्ट गैलरीज इस उत्सव का हिस्सा बनेंगी। मेरा आप सभी से आग्रह है कि समय निकालकर, अपने बच्चों को भी इस आयोजन में जरूर लेकर जाएँ। अपनी विरासत के बारे में हम जितना अधिक जानेंगे, भारत को जानने की हमारी यात्रा उतनी ही समृद्ध होती जाएगी।मेरे प्यारे देशवासियो,सर्दियों की बात हो, तो गुड़ की मिठास का जिक्र कैसे न हो ! सदियों से हमारे घरों में स्वाद और सेहत का खजाना ‘गुड़’ आज दुनिया-भर में पहुँच रहा है। तमिलनाडु में इरोड का ऑर्गैनिक पलमायरा जैगरी पहली बार यूरोप पहुँचा है। इसमें गुड़ के पारंपरिक स्वाद के साथ क्वालिटी भी भरी है। ‘मन की बात’ में हम पहले भी शहद की मिठास और स्वीट revolution की चर्चा कर चुके हैं। अब हमारे गुड़ की मिठास भी नए–नए बाजारों तक पहुंच रही है।साथियो,भारत की चॉकलेट भी दुनिया में अपनी खास पहचान बना रही है। पिछले ही साल, चॉकलेट और कोको से बनी चीजों का एक्सपोर्ट करीब 25 प्रतिशत बढ़ा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में चॉकलेट बनाने वाले उद्यमी भी नए आइडियाज के साथ आगे आ रहे हैं। आज इस क्षेत्र में हमारे कई स्टार्टअप्स इनोवेशन्स कर रहे हैं। अनेक स्टार्टअप्स ने स्थानीय सामग्री से नए-नए फ्लेवर्स तैयार किए हैं। इससे हमारे किसान, माताओं–बहनों और युवा Entrepreneurs सबके लिए नए अवसर बन रहे हैं।साथियो,क्या आप जानते हैं कि चॉकलेट और गुजरात के कच्छ के बीच भी एक अद्भुत कनेक्शन है। एक कनेक्शन है Camel milk से बनी chocolate का। यहां के ऊंट पालक जो दूध उपलब्ध कराते हैं, अमूल उसका इस्तेमाल, चॉकलेट, केसर-फ्लेवर्ड मिल्क और राजभोग आइसक्रीम बनाने में भी कर रहा है। कैमल मिल्क से जुड़े आंकड़ें बहुत ही उत्साह बढ़ाने वाले हैं। सरहद डेयरी में कैमल मिल्क का Daily Collection 1300 लीटर से बढ़कर साढ़े पाँच हजार लीटर तक पहुँच गया है। 2017-18 के मुकाबले ये चार गुना से भी ज्यादा है। अब कैमल मिल्क ऐसे पैक्स में भी उपलब्ध है, जिनमें लंबे समय तक खराब नहीं होता। इसका पाउडर भी तैयार किया जा रहा है। इससे कच्छ से दूर रहने वाले customers तक भी इसकी पहुँच बढ़ी है।साथियो,जानकार बताते हैं कि कैमल मिल्क के कई Health benefits भी हैं। जिन्हें Sugar की problem है, उनके लिए ये अच्छा माना जाता है। यह Lactose intolerant लोगों के लिए भी बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसमें Fat और cholesterol भी कम होता है।साथियो,सूरत की श्मिटन (Schmitten) चॉकलेट वो भी आज Made in India fine chocolate के तौर पर दुनिया-भर में अपनी खास पहचान बना रही है। हमारे देश में आज stylish चॉकलेट boutiques का एक नया trend भी दिख रहा है। यहां आपको चॉकलेट के साथ luxury experience भी मिलता है, जिसमें भारतीयता की झलक दिखती है। मिठास की हमारी सदियों पुरानी परंपरा, आज नए-नए innovations के साथ आगे बढ़ रही है और इसकी मिठास हमारे किसानों और युवा उद्यमियों के जीवन में भी घुल रही है।साथियो,चॉकलेट की इतनी बातें हो गई, अब थोड़ी ज़रा exercise की भी तो बात होनी चाहिए ना ! Cycling इसके लिए एक बेहतरीन तरीका है। मुझे खुशी है कि Fit India के ‘Sundays on Cycle’ ने 100 editions पूरे कर लिए हैं। दिसम्बर 2024 में इसकी शुरुआत के बाद आज तक कोई भी ऐसा रविवार नहीं रहा, जब इसका आयोजन न हुआ हो। 30 हजार से ज्यादा locations पर करीब 37 लाख लोग इससे जुड़ चुके हैं। एक और अच्छी खबर पुणे से आई है। यहां वर्ष 2032 की UCI Road World Championship आयोजित होगी। Sports में भारत लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। हमारी फुटबाल टीम ने रिकॉर्ड 10वीं बार SAFF Championship जीती है। बैडमिंटन में लक्ष्य सेन ने जर्मनी और जापान में लगातार दो Super 500 खिताब जीते। वे Kumamoto Masters जीतने वाले पहले भारतीय बने। वहीं, पी.वी. सिंधु ने Hylo Open जीतकर एक और खिताब भारत के नाम कर दिया। हमारे Young Champions के लिए एक और बड़ा अवसर आने वाला है। तेलंगाना के छह शहरों में 11 से 22 दिसम्बर तक 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन होगा। मैं सभी खिलाड़ियों, athletes को भी शुभकामनाएं देता हूँ ‘खेलते रहिए-खिलते रहिए’।साथियो,देश के कई हिस्सों में सर्दियाँ शुरू हो गई हैं। बदलते मौसम में हमें अपनी Fitness का और भी ज्यादा ध्यान रखना है। Fit India Movement को हमें पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ाते रहना है। खाने में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत कम करने का जो आग्रह मैंने आपसे किया था, उसे भी याद रखिएगा। मोटापा हमारे देश के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है। हमें इसे नजरंदाज कभी भी नहीं करना है। बढ़ता मोटापा कई तरह की बीमारियों को जन्म देता है। इसलिए, अपने खान-पान और Exercise को लेकर हमेशा सजग रहना है।साथियो,हमारी भारत भूमि पर प्रवाहित हो रही सेवा की भावना दुनिया-भर में पहुंच रही है। अलग-अलग देशों में हमारा प्रवासी भारतीय समुदाय भी ऐसे कई सेवा कार्यों में आगे बढ़कर योगदान देता रहा है। मैं समय-समय पर ‘मन की बात’ में आपको अलग-अलग देशों में चल रहे ऐसे सेवा कार्यों के बारे में बताता रहता हूं। हाल में मुझे कनाडा में हो रहे ऐसे ही कुछ प्रयासों के बारे में जानने को मिला है। इनमें से एक है ‘साई धाम फूड बैंक’। इसका मिशन है कि कोई भी भूखा न सोए। इस पहल के तहत आज हर महीने Greater Toronto और Hamilton में लगभग 60 हजार लोगों की मदद की जा रही है। इस फूड बैंक से बुजुर्गों और दिव्यांगजनों तक भी भोजन पहुंचता है। कनाडा में Red FM से जुड़े कुलविंदर संघेरा जी ऐसे ही एक सराहनीय प्रयास में जुटे हैं। उन्होंने Community Radio को, लोगों को जोड़ना और सेवा कार्यों का माध्यम बनाया है। उनके इस प्रयासों की प्रेरणा श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं और सिख धर्म का सेवा-भाव है।मेरे प्यारे देशवासियो,कुछ दिन पहले ही हमने ‘प्रकाश परब’ मनाया। मुझे भी दिल्ली में ‘शबद कीर्तन’ में शामिल होने का सौभाग्य मिला। ये पावन अनुभव हमेशा मेरे साथ रहता है।
साथियो,
हमारे सिख गुरुओं की तस्वीरों को देखकर मन श्रद्धा से भर जाता है। कुछ लोग ये सोचते होंगे कि ये पवित्र चित्र बनाए किसने हैं? सिख गुरुओं के ऐसे अद्भुत चित्र बनाने वाले महान कलाकार थे शोभा सिंह जी। आज, 29 नवंबर को उनकी 125वीं जयंती है। शोभा सिंह जी ने कुछ वर्षों तक आर्मी में draftsmen के तौर पर भी काम किया था। इस दौरान उन्होंने बगदाद में भी अपनी सेवाएं दी थीं। शोभासिंह जी की 125वीं जयंती पर उनके सम्मान में स्मारक सिक्का जारी होने से सिख समुदाय में भी बहुत खुशी है।
साथियो,
एक और महान व्यक्ति जिनके बारे में, मैं, ‘मन की बात’ के श्रोताओं को बताना चाहता हूं – वो हैं बी.एन. राव। हमारे संविधान के निर्माण में श्री बी.एन. राव जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अभी दो दिन पहले ही हमने संविधान दिवस भी मनाया है। कल यानि 30 नवंबर को बी.एन. राव जी की पुण्यतिथि है। भारतीय संविधान की रूप-रेखा तैयार करने में उनके ऐतिहासिक योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। मैं उन्हें भी अपनी भाव-भीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
मेरे प्यारे देशवासियो,
हर महीने ‘मन की बात’ के लिए आप जो संदेश भेजते हैं, उनसे मुझे हमारे देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे अद्भुत प्रयासों के बारे में जानने का अवसर मिलता है। कितने ही लोगों के अच्छे काम, आपकी वजह से पूरे देश के सामने आते हैं। आप इसी तरह अपने अनुभव, अपने विचार और अपने सुझाव मेरे साथ साझा करते रहिए। अगले महीने जब हम फिर मिलेंगे, तब देशवासियों की ऐसी ही कुछ प्रेरक गाथाओं की चर्चा करेंगे। आप अपना और अपने परिवार का ख्याल रखिए और हाँ Fit India मत भूलिए; मौसम बहुत अच्छा है जरूर थोड़ा-थोड़ा व्यायाम कीजिए। बहुत-बहुत शुभकामनाएं। धन्यवाद।
