
बूंगीधार में 120 किसानों को मिला 1.60 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण, खेती और स्वरोजगार को मिलेगी मजबूती
प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में आयोजित हो रहे वृहद किसान ऋण मेले : डॉ. धन सिंह रावत
सूचना/पौड़ी/29 नवम्बर 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में वृहद किसान ऋण मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को विकासखंड थलीसैंण के दूरस्थ क्षेत्र बूंगीधार में सहकारिता विभाग की ओर से किसान ऋण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय ब्याजमुक्त ऋण योजना के तहत क्षेत्र के 120 किसानों को कुल 1 करोड़ 60 लाख रुपये के ऋण वितरित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में वृहद किसान ऋण मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इन मेलों का उद्देश्य किसानों को उनके क्षेत्र में ही सरकार की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के कृषक भी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए आसानी से ऋण प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ब्याजमुक्त ऋण योजना किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से किसान कृषि एवं कृषि से जुड़ी अन्य गतिविधियों के लिए बिना ब्याज ऋण प्राप्त कर सकते हैं। इस धनराशि का उपयोग बीज, खाद, कृषि उपकरणों की खरीद के साथ ही आजीविका के नए साधन विकसित करने में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक कोटद्वार के अध्यक्ष पंकज रावत ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी एवं रजनी, ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत, जिला सहायक निबंधक सुमन कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमर सिंह नेगी, जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक संजय रावत, मनोज रमोला, जयेश प्रभु, मनवर सिंह, पुष्पेंद्र भंडारी, नवीन जोशी सहित सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, सहकारी समितियों के सचिव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
