Spread the love

इच्छा शक्ति जागृत कर युवाओं को संस्कारवान और नशामुक्त बनाया जा सकता है : सुरेन्द्र सिंह नेगी

भाषण प्रतियोगिता में अक्षिता ध्यानी प्रथम, रूद्रप्रताप सिंह द्वितीय और अंशिका ने हासिल किया तृतीय स्थान

कोटद्वार। युवाओं को संस्कारवान बनाने और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने के लिए उनमें दृढ़ इच्छाशक्ति जागृत करना जरूरी है। इसके लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। यह बात उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कही।

वे टूरिस्ट संदेश फाउंडेशन की ओर से ‘कण्वनगरी संस्कारशाला’ के अंतर्गत आयोजित विकासखंड स्तरीय अंतर माध्यमिक विद्यालय भाषण प्रतियोगिता को संबोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता का विषय ‘समृद्ध राष्ट्र के लिए संस्कारयुक्त, नशामुक्त युवा’ था। यह आयोजन मानवता के प्रतीक स्वर्गीय सत्य प्रकाश थपलियाल की स्मृति में किया गया।

प्रतियोगिता में ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल की छात्रा अक्षिता ध्यानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हेड हैरिटेज पब्लिक स्कूल के छात्र रूद्रप्रताप सिंह द्वितीय तथा एमकेवीएन स्कूल की छात्रा अंशिका तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एमकेवीएन स्कूल के संस्थापक प्रकाश कोठारी ने की। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार के प्रधानाचार्य मुकेश रावत ने कहा कि बच्चों में संस्कारों का विकास घर से शुरू होता है। परिवार का वातावरण और अभिभावकों का आचरण बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कण्वनगरी संस्कारशाला के प्रथम संस्करण की विजेता कण्वघाटी महाविद्यालय की छात्रा कुमकुम भारद्वाज ने प्रतिभागियों को नशामुक्त जीवन अपनाने और जीवन में अच्छे संस्कारों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में एसपी जोशी, एसएसआई कोटद्वार तथा समाज कल्याण विभाग पौड़ी के सहायक अधिकारी संजीव पाल ने भी अपने विचार रखे।

भाषण प्रतियोगिता में वंदना भारद्वाज, डॉ. मंजू कपरवाण और शंकर दत्त गौड़ ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने संस्कारयुक्त एवं नशामुक्त जीवन जीने की सामूहिक शपथ ली।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार नागेन्द्र उनियाल, सुभाष चन्द्र नौटियाल, कैप्टन पीएल खंतवाल, राजेन्द्र पंत, एसपी कुकरेती, चित्रमणि देवलियाल, जेपी ध्यानी, गिरीराज सिंह रावत, सुरेन्द्र लाल आर्य, डॉ. रमाकांत कुकरेती, सुदर्शन सिंह बिष्ट, अनुसूया प्रसाद डंगवाल, सत्यनारायण नौटियाल, रिपुदमन सिंह बिष्ट और विकास आर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन अजयपाल सिंह रावत ने किया।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *