आईजी के सवालों पर बगले झांकते रहे पुलिसकर्मी, नहीं बता पाए कैसे खुलती है हिस्ट्रीशीट
सार
- पुलिस महानिरीक्षक के सवालों पर बगले झांकते रहे पुलिसकर्मी, थाने के महत्वपूर्ण अभिलेखों का भी ज्ञान नहीं
- गढ़वाल रेंज के 81 थानों के हेड मोहर्रिर की कार्यशाला में पढ़ाया पाठ
विस्तार
उत्तराखंड में पुलिस महानिरीक्षक अजय रौतेला की परीक्षा में रेंज के हेड मोहर्रिर फेल हो गए। वह यही नहीं बता पाए कि किसी अपराधी की हिस्ट्रीशीट खोलने के लिए क्या प्रक्रिया अपनाई जाती है।
अपराध रजिस्टरों और पुलिस के दूसरे जरूरी अभिलेखों को लेकर भी पुलिसकर्मी अनभिज्ञ नजर आए। आईजी रौतेला ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि थानों में निरीक्षण के दौरान यदि रजिस्टर अपडेट नहीं मिले तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस लाइन में हुई कार्यशाला में गढ़वाल रेंज के 81 थानों के हेड मोहर्रिर के अलावा नए पुलिस उपाधीक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस महानिरीक्षक अजय रौतेला ने थानों के जरूरी अभिलेखों को लेकर सवाल शुरू किए तो अधिकांश हेड मोहर्रिर बगले झांकने लगे। अधिकांश तो थानों में बनने वाले अपराध रजिस्टर के बारे में तक नहीं बता पाए।
हद तो तब हो गई जब हेड मोहर्रिर किसी शख्स की हिस्ट्रीशीट खोलने की पूरी प्रक्रिया नहीं बता पाए। पैरवी रजिस्टर और सेक्शन बोर्ड में होने वाली कार्रवाई से अधिकांश हेड मोहर्रिर नावाकिफ थे। थानों में हेड मोहर्रिर को दूसरा थानेदार कहा जाता है। इस पर आईजी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि यह स्थिति बेहद खराब है।
