पुष्प प्रदर्शनी नौ और दस मार्च को लगेगी राजभवन देहरादून में
राजभवन में हरवर्ष आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी बसंतोत्सव नौ और दस मार्च 2019 को आयोजित होगी। बृहस्पतिवार को राजभवन में राज्यपाल के सचिव आरके सुधांशु की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में लिया गया। दो दिवसीय प्रदर्शनी में कुल नौ वर्गों में 147 पुरस्कारों के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यपाल बेबी रानी मौर्य करेंगी। इसी दिन डाक विभाग प्रदेश की किसी विशेष पुष्प प्रजाति पर डाक टिकट भी जारी करेगा। प्रदर्शनी प्रथम दिन 12 बजे के बाद तथा दूसरे दिन सुबह आठ बजे से शाम तक जनता के लिए खुली रहेगी। सचिव राज्यपाल ने कहा कि पुष्प प्रदर्शनी से प्रदेश में फूलों की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुष्प प्रदर्शनी के माध्यम से व्यवसायिक पुष्प उत्पादकों को भी बढ़ावा दिया जाए।प्रदर्शनी में जैविक उत्पादों को भी प्रमुखता से स्थान दिया जाय। नर्सरियों, फ्लावर अरेंजमेंट, गमलों में लगाए गए पुष्प आदि वर्गों में भी प्रतियोगिता होगी। अन्य रोचक प्रतियोगिताओं में फोटोग्राफी प्रतियोगिता तथा पुष्प पंखुड़ी रंगोली प्रतियोगिता भी शामिल है।
प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों के साथ दिव्यांग बच्चों, वंचित वर्ग के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी होगी। प्रदर्शनी में 30 से अधिक विभागों, संस्थानों और बैंकों को स्टॉल के लिए आमंत्रित किया गया है।