नई दिल्ली.
अगर आप भी कम समय काम करके महीने में 20,000 रुपए तक कमाना चाहते हैं तो धनिया की खेती आपके लिए सही ऑप्शन है। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले का एक किसान पिछले 13 साल से इस काम से महीने के 15 से 20 हजार कमा लेते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि वे खेत में सिर्फ दो घंटे काम करते हैं।
दिन में महज दो घंटे करना होता है काम
फतेहपुर से 26 किमी दूर मलवां ब्लॉक के रहने वाले किसान अमित पटेल अपने डेढ़ बीघा खेत में धनिया की खेती करते हैं। पूरे दिन में महज दो घंटे ही वह खेत में निराई करने जाते हैं। धनिया की खेती में उनकी रोजाना 800 से 1,000 रुपए तक की कमाई हो जाती है। ऐसे में वे बहुत आसानी से महीने में 20,000 रुपए तक कमा लेते हैं
बंदरों की वजह से की धनिया की खेती
अमित ने बताया कि उनके इलाके में बंदर बहुत ज्यादा हैं। ऐसे में कोई भी फसल लगाओ तो बंदर उसे नुकसान पहुंचा देते हैं। इसलिए उन्होंने धनिया की फसल लगाने के बारे में सोचा। धनिया की खेती करते हुए अब उन्हें 13 साल हो गए हैं और अब उन्हें अच्छा मुनाफा मिल रहा है।
अमित के मुताबिक वे अपने खेत में एक बीघा में 40 क्यारियां बनाते हैं। इसके बाद उसमें बुवाई करते हैं। उनकी फसल 40 दिनों में ही तैयार हो जाती है। एक बीघा में 10 किलो धनिया का बीज लगता है। धनिया की खेती 12 महीने की जा सकती है।
धनिया की खेती में इन बातों का रखें ध्यान
एक अन्य किसान के मुताबिक हरी धनिया की फसल के लिए दोमट मिट्टी सबसे बेहतर है। साथ ही इस बात का ध्यान भी रखना होगा कि खेत में पानी रुकता न हो। इसकी बुवाई किसी भी महीने की जा सकती है। बुवाई के दसवें दिन फसल में पहला पानी लगता है और जैविक खाद डाली जाती है। दूसरा पानी 20 दिनों के आसपास डाला जाता है। दूसरी बार पानी लगाने के दौरान ही 35 से 40 किलो डीएपी डालते हैं। इस दौरान तापमान का भी ध्यान रखना पड़ता है। अगर तापमान कम है तो 25 दिनों के अंदर ही 250 से 300 ग्राम यूरिया स्प्रे किया जाता है। ज्यादा गर्मी पड़ने पर हफ्ते में दो बार पानी लगाना पड़ता है।