जरूरतमंदों की मदद को पौड़ी पुलिस ने उठाया बीड़ा
बढ़ती सर्दी के मद्देनजर थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने मित्रता सेवा सुरक्षा के तहत 200 जरूरतमंदों लोगों कोे रजाईयां बांटी। एसएसपी पौड़ी जगत राम जोशी की देखरेख में शुक्रवार को लक्ष्मणझूला स्थित थाना परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीआईजी अजय रौतेला ने किया। डीआईजी अजय रौतेला व एसएसपी जगतराम जोशी ने संयुक्त रूप से करीब दो सौ जरूरतमंद लोगों को रजाईयां वितरित की। डीआईजी ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस को मित्र पुलिस का जो स्लोगन दिया गया है, उसको जमीनी स्तर पर जनता के बीच लाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पौड़ी पुलिस प्रशासन की ओर से पुलिस की छवि को उज्ज्वल बनाने व जरूरतमंदों की मदद के लिए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पहले डाक्टरों की टीम के सहयोग से बुजुर्ग लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और निशुल्क दवाइयां दी गई। आगे पौड़ी पुलिस प्रशासन की ओर से बहुत जल्द ही एक कैंप का आयोजन किया जाएगा, इसमें दिव्यांगों को व्हील चेयर और कान की मशीनें दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यों को करने के पीछे का मुख्य उद्देश्य लोगों के मन से पुलिस का भय समाप्त करना है, ताकि लोग पुलिस के साथ मित्रता का व्यवहार कर सकेें हैं।
जानकारी दी गई कि उनकी ओर से जनपद में जरूरतमंद 1300 लोगों को रजाईयां बांटने का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्मणझूला, श्रीनगर, पैठाणी में कैंप लगाकर जरूरतमंदों को रजाईयां बांटी गई। उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में कई गांवों में ऐसे बुजुर्ग होते हैं, जिनके पास रजाई नहीं होती। ऐसे लोगों की मदद करने के लिए पुलिस ने बीड़ा उठाया है।