यह बोली पिछले 20 सालों से लगाई जा रही है, इससे मिलने वाली रकम सैन फ्रांसिस्को की चैरिटी संस्था ग्लाइड को दी जाती है
ब्लूमबर्ग के मुताबिक वॉरेन बफेट का कुल नेटवर्थ 5.67 लाख करोड़ रुपए ह
वॉशिंगटन. बर्कशायर हैथवे के सीईओ और दुनिया के चौथे सबसे अमीर वॉरेन बफेट के साथ लंच करने के लिए शुक्रवार को अंतिम बोली रिकॉर्ड 32 करोड़ रुपए में खत्म हुई। ईबे वेबसाइट पर रविवार को 17.4 लाख रुपए से बोली शुरू हुई थी। इसके पहले 2012 में उनके साथ लंच के लिए सबसे ज्यादा 24 करोड़ रुपए की बोली लगी थी।
यह बोली पिछले 20 सालों से लगाई जा रही है। इससे मिलने वाली रकम सैन फ्रांसिस्को की चैरिटी संस्था ग्लाइड को दी जाती है। वॉरेन बफेट पिछले 19 साल के दौरान नीलामी से मिले 210 करोड़ रुपए ग्लाइड संस्था को दान कर चुके हैं। बोली जीतने वाला व्यक्ति अपने सात दोस्तों के साथ लंच के लिए आ सकता है। रविवार को नीलामी शुरू होने पर ही यह दावा किया जा रहा था कि इस बार 2012 की नीलामी का रिकॉर्ड टूटेगा।
एक दिन की औसत कमाई करीब 280 करोड़ रुपए
पहली बार जब नीलामी हुई थी, तब करीब 17.4 लाख रुपए पर बोली रुकी थी। ब्लूमबर्ग के मुताबिक वॉरेन बफेट का कुल नेटवर्थ 5.67 लाख करोड़ रुपए का है। उनकी एक दिन की औसत कमाई करीब 280 करोड़ रुपए है। पिछले साल ही उन्होंने पांच सामाजिक संस्थाओं को 23,290 करोड़ रुपए के स्टॉक्स दान किए हैं। वे अब तक कुल 2.12 लाख करोड़ रुपए का दान कर चुके हैं।
2006 में 29 करोड़ बर्कशायर हैथवे क्लास बी शेयर चैरिटी में दे दिए
दुनिया के सबसे बड़े इन्वेस्टर बफेट ने 2006 में अपनी पूरी संपत्ति को दान करने की योजना बनाई थी। उन्होंने 2006 में लगभग 29 करोड़ बर्कशायर हैथवे क्लास बी शेयर चैरिटी में दे दिए और इनमें से ज्यादातर बिल गेट्स की फाउंडेशन के पास गए थे। बफेट का कहना है कि समाज ने बेघर लोगों को भले ही छोड़ दिया हो, लेकिन ग्लाइड संस्था उन्हें एक मौका जरूर देगी।
वॉरेन बफेट को जंक फूड खाना पसंद
86 साल के वॉरेन बफेट को जंक फूड खाना पसंद है। वे 2,500 कैलोरी एक दिन में खाते हैं। कोक के साथ चीजबर्गर उनकी पहली पसंद है। आइसक्रीम भी खूब खाते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने चेक किया कि सबसे कम मृत्यु दर कौन सी उम्र वर्ग में है, तो मैंने पाया कि 6 साल उम्र में यह कम है। इसके बाद मैंने मेरी खाने की आदतें 6 साल के बच्चे की तरह बना ली।